Navigation
ABAP Admin | 07 Sep 2026
इंदौर। अखिल भारतीय अधिवक्ता महासंघ एवं इंदौर अभिभाषक संघ के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम ‘भारत माता की वंदना’ का आयोजन 15 मई को इंदौर जिला न्यायालय स्थित सभागार में शाम 4 बजे से किया जाएगा।
यह आयोजन ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की ऐतिहासिक सफलता और पाकिस्तान पर भारत के निर्णायक प्रहार की गौरवगाथा को समर्पित होगा। इस अवसर पर अधिवक्ता समुदाय देश के वीर सैनिकों के सम्मान में महामृत्युंजय जाप करेगा तथा 108 दीपकों से भारत माता की आरती संपन्न की जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता दिलीप सिसोदिया करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रेनेसा लॉ कॉलेज के संचालक एवं विश्व के सबसे युवा कुलाधिपति श्री स्वप्निल कोठारी उपस्थित रहेंगे। वहीं प्रसिद्ध चित्रकार, लेखक, गायक, कवि एवं राष्ट्रभक्त वक्ता बाबा सत्यनारायण मौर्य जी अपने ओजस्वी विचारों से उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. हर्ष मेहता, राष्ट्रीय संयोजक, अखिल भारतीय अधिवक्ता महासंघ हैं। कार्यक्रम प्रभारी श्री घनश्याम गुप्ता, पूर्व सचिव, इंदौर अभिभाषक संघ हैं।
समारोह में इंदौर के अधिवक्ता बंधु, विधि छात्रगण एवं न्यायिक अधिकारी बड़ी संख्या में भाग लेंगे। साथ ही अधिवक्ताओं की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का आत्मीय स्वागत भी किया जाएगा।
आयोजन का उद्देश्य देश के वीर सैनिकों के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। ‘भारत माता की वंदना’ के माध्यम से अधिवक्ता समाज द्वारा देशप्रेम और राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता की भावना व्यक्त की जाएगी।
Add to Home Screen for better experience